Breaking News
20 Jun 2026, Sat

कुम्हारी की बेटी रिया साहू ने रचा इतिहास: 12वीं बोर्ड की प्रदेश मेरिट सूची में चौथा स्थान प्राप्त कर बढ़ाया मान

(फोटो संलग्न)

कुम्हारी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में कुम्हारी की मेधावी छात्रा रिया साहू ने अपनी सफलता का परचम लहराया है। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, कुम्हारी की छात्रा रिया ने प्रदेश की मेरिट सूची (Top-10) में चौथा स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
रिया ने इस कठिन परीक्षा में असाधारण प्रदर्शन करते हुए कुल 500 अंकों में से 488 अंक हासिल किए हैं। 97.60 प्रतिशत के साथ रिया ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है। एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली रिया के पिता की ऑटो पार्ट्स की दुकान है और माता गृहणी हैं। रिया ने बिना किसी कोचिंग संस्थान की सहायता के, केवल नियमित सेल्फ-स्टडी और स्कूल के शिक्षकों के मार्गदर्शन में यह मुकाम हासिल किया है।
अपनी सफलता का श्रेय रिया ने अपने माता-पिता के अटूट सहयोग और विद्यालय के शिक्षकों के बेहतरीन मार्गदर्शन को दिया है। रिया का लक्ष्य आगे चलकर JEE की परीक्षा उत्तीर्ण करना है। रिया के पिता राकेश साहू ने बताया कि मैं चाहूंगा कि बेटी जितना और आगे की पढ़ाई करना चाहे मैं हमेशा उसके साथ हूँ। बता दें कि इसके पूर्व कक्षा 10वीं की परीक्षा में भी रिया ने प्रदेश में प्रथम स्थान अर्जित किया था। रिया की इस बड़ी उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित पूरे कुम्हारी क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सभी ने रिया के घर पहुंचकर उसे बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *