31 मार्च तक संपत्तिकर जमा नहीं किया तो एक हजार जुर्माना, और लगेगा 6.25% सरचार्ज ।
- कर वसूली को लेकर कुम्हारी पालिका हुई सख्त
कुम्हारी। नगरपालिका में राजस्व विभाग ने संपत्ति सहित अन्य करों की वसूली तेज कर दी है। वहीं बकाया करों का भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है। बावजूद इसके अभी भी कई बकायादार करों के भुगतान को लेकर गंभीर नहीं हैं, लिहाजा 31 मार्च के बाद ऐसे बकायादारों को लेकर सख्ती बरतने की तैयारी में है। एक अप्रैल से बकाया करों का भुगतान करने पर पालिका एक हजार रुपए जुर्माना और 6.25 सरचार्ज वसूलेगा , टैक्स जमा करने के लिए सुबह 9 बजे शाम 6 बजे तक काउंटर खुले रखे जा रहे हैं। नगरपालिका कार्यालय के साथ-साथ वार्ड के प्रमुख स्थानों में भी टैक्स की राशि जमा करने हेतु शिविर लगाए है जहां करदाता कर जमा कर सकते हैं। इसके अलावा करदाताओं की सुविधा के लिए घर बैठे ऑनलाइन टैक्स जमा करने के लिए यू पी आई सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पालिका प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि चेक के माध्यम से टैक्स का भुगतान केवल 18 मार्च तक ही स्वीकार किया जाएगा। मुख्य नगरपालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर ने बताया कि नगरवासियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग होना चाहिए और करों का भुगतान प्रथम प्राथमिकता के रूप में जमा कर निश्चिंत हो जाएं। कई हितग्राहियों को बार बार सूचना देने के बावजूद इस ओर ध्यान नही दे रहे हैं उन सबके लिए यह अंतिम अवसर है कि वे अपने समस्त करों का भुगतान कर अपनी ज़िम्मेदारी का निर्वहन करें।

